अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ऑटो टैरिफ बढ़ाने की घोषणा का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखने लगा है। 27 मार्च की सुबह जब बाजार खुला, तो टाटा मोटर्स के शेयर में जबरदस्त गिरावट आई। कुछ ही देर में कंपनी के शेयर लगभग 7% लुढ़ककर 661 रुपये तक पहुंच गए।
असल में, ट्रंप ने अमेरिका में आयात होने वाली सभी कारों पर 25% का नया ऑटो टैरिफ लगाने का फैसला किया है, जिसका सीधा असर टाटा मोटर्स की सब्सिडियरी कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) पर पड़ने वाला है। जेएलआर की कुल वैश्विक बिक्री का बड़ा हिस्सा लगभग एक तिहाई अमेरिकी बाजार से आता है। चूंकि JLR की गाड़ियां ब्रिटेन और अन्य देशों में बनती हैं, इसलिए अब उन्हें भी इस 25% टैरिफ का सामना करना पड़ेगा। नतीजा? अमेरिका में इन कारों की कीमतें बढ़ जाएंगी, जिससे बिक्री घटने का खतरा बन गया है।
हालांकि, इस गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार में पूरी तरह मंदी का माहौल नहीं दिखा। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 202.83 अंक चढ़कर 77,491.33 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 48.65 अंक बढ़कर 23,535.50 पर ट्रेड कर रहा था। पिछले सात कारोबारी सत्रों से बाजार में अच्छी तेजी बनी हुई थी, लेकिन बुधवार को सेंसेक्स 729 अंक गिर गया, और निफ्टी भी 23,500 के नीचे फिसल गया था।

