सुल्तानपुर में लखनऊ-बलिया हाइवे पर शुक्रवार सुबह 6 बजे के बाद बड़ा हादसा हुआ। यहां गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के बांसगांव के पास एक ट्रक पेड़ से टकरा गया। जिसमें ट्रक ड्राइवर और मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। 2 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे में ट्रक के उड़े परखच्चे
मिली जानकारी के अनुसार सीमेंट लदी ट्रक सुल्तानपुर से कादीपुर जा रही थी। इस दौरान ट्रक जब बांसगांव के पास पहुंचा तो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए.
ग्रामीणों ने जब आवाज सुनी तो भागकर लोगों को बचाने पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में एक चाल और एक मजदूर की मौत हो गई थी। 2 अन्य घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ट्रक के नीचे से निकाला, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। ड्राइवर व मजदूर का शव ट्रक में बुरी तरह फंस गया था जिसे JCB बुलाकर बाहर निकाला गया। जिसमें घंटो का समय लग गया।
पुलिस ने साझा की जानकारी
प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज अखिलेश सिंह ने बताया कि राहत और बचाव कार्य कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में 32 वर्षीय रामकुमार पुत्र रामअभिलाष निवासी अहिमाने थाना कोतवाली देहात, 30 वर्षीय रामसजीवन पुत्र राजाराम निवासी अहिमाने थाना कोतवाली देहात घायल हुए। जिन्हें जयसिंहपुर CHC से रेफर किया गया। वहीं इसी गांव के बृजेश और ट्रक ड्राइवर कोतवाली देहात के अहिमाने निवासी विश्वजीत मिश्रा कि मौके पर मौत हुई है। दोनों शवो को पोस्टमार्टम में भेजा गया।

