अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें ‘करीबी मित्र’ और ‘बेहद बुद्धिमान नेता’ बताया। वॉइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने उम्मीद जताई कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार को लेकर जारी टैरिफ वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी।
मोदी को बताया ‘स्मार्ट लीडर’
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी हाल ही में अमेरिका आए थे, और हम हमेशा अच्छे दोस्त रहे हैं। भारत उन देशों में शामिल है जो सबसे ज्यादा टैरिफ लगाते हैं। वे बेहद चतुर हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मोदी बहुत बुद्धिमान हैं और मेरे अच्छे मित्र भी। हमारी चर्चा बेहद अच्छी रही। मुझे विश्वास है कि भारत और अमेरिका के संबंध और मजबूत होंगे।”
ट्रंप ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को ‘कठोर वार्ताकार’ भी बताया। दोनों नेताओं के बीच फरवरी में हुई मुलाकात को लेकर ट्रंप ने कहा कि उनकी बातचीत सौहार्दपूर्ण रही और वह मोदी को एक “महान प्रधानमंत्री” मानते हैं।
2 अप्रैल से अमेरिका लागू करेगा टैरिफ
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका 2 अप्रैल से भारत समेत कई देशों पर पारस्परिक टैरिफ लगाने की योजना बना रहा है। ट्रंप ने भारत की व्यापार नीतियों की कई बार आलोचना की है और इसे ‘टैरिफ किंग’ कहा है। उनका कहना है कि भारत कई उत्पादों पर अत्यधिक शुल्क लगाता है, जिसे संतुलित करने के लिए अमेरिका भी समान टैरिफ लगाएगा।
उन्होंने कहा, “भारत के साथ मेरे संबंध अच्छे हैं, लेकिन वहां व्यापार करना आसान नहीं है। मुझे लगता है कि वे जल्द ही अपने टैरिफ कम करेंगे, लेकिन 2 अप्रैल से हम भी वही शुल्क वसूलेंगे जो वे हमसे लेते हैं।”
व्यापार वार्ता में तेजी
भारत और अमेरिका के बीच 2 अप्रैल की समयसीमा से पहले व्यापार वार्ता तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने 23 अरब डॉलर मूल्य के आयात पर टैरिफ में कटौती का प्रस्ताव दिया है और अमेरिकी कृषि उत्पादों, जैसे बादाम और क्रैनबेरी, पर कुछ रियायतें देने पर सहमति जताई है। इस वार्ता का मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों को संतुलित करना और आर्थिक सहयोग को मजबूत बनाना है।

