नई दिल्ली: वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए सरकार ने विभिन्न लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। यह लगातार पांचवीं तिमाही है जब इन योजनाओं की ब्याज दरें स्थिर बनी हुई हैं, जिससे लाखों निवेशकों को राहत मिली है।

सुकन्या समृद्धि और PPF की दरें यथावत

सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सुकन्या समृद्धि योजना पर पहले की तरह 8.2% की दर से ब्याज मिलता रहेगा। सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF) पर भी 7.1% की ब्याज दर बनी रहेगी, जबकि डाकघर बचत खाते में जमा राशि पर 4% ब्याज पहले की तरह ही मिलेगा।

टर्म डिपॉजिट और अन्य योजनाओं की ब्याज दरें

यदि आप तीन साल की सावधि जमा (Fixed Deposit) में निवेश कर रहे हैं, तो आपको 7.1% की ब्याज दर मिलेगी। वहीं, किसान विकास पत्र (KVP) पर 7.5% की दर से ब्याज तय किया गया है और यह 115 महीनों में परिपक्व होगा।

राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC) की ब्याज दर भी 7.7% पर बरकरार है। इसके अलावा, मासिक आय योजना (MIS) के तहत निवेशकों को 7.4% की ब्याज दर मिलती रहेगी, जिससे उन्हें हर महीने स्थिर आय का लाभ मिलता रहेगा।

हर तिमाही होती है समीक्षा

सरकार हर तिमाही लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा करती है। पिछली बार वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में कुछ योजनाओं की ब्याज दरों में बदलाव किया गया था, लेकिन इस बार दरों को यथावत रखने का फैसला लिया गया है।

ब्याज दरों में स्थिरता से छोटे निवेशकों और मध्यम वर्ग को फायदा होगा, क्योंकि वे अपने वित्तीय निर्णयों को पहले से प्लान कर सकेंगे।