शादी, जिसे सनातन धर्म में एक पवित्र बंधन माना जाता है, आज के दौर में लगातार कमजोर होता जा रहा है। आधुनिक जीवनशैली, पश्चिमी संस्कृति के अंधानुकरण और व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते रिश्तों में विश्वास और समर्पण की जगह अब धोखा और षड्यंत्र ने ले ली है। हाल ही में मेरठ और औरैया की घटनाओं के बाद अब मुजफ्फरनगर से भी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसने वैवाहिक रिश्तों की सच्चाई पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाली घटना
मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र के भगेला गांव में 26 वर्षीय अनुज शर्मा और उनकी पत्नी पिंकी शर्मा उर्फ सना के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि शादी के महज दो साल बाद ही दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी। अनुज मेरठ के एक अस्पताल में नौकरी करता था, जबकि पिंकी के फोन पर किसी और से लगातार बातचीत को लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे।
परिवार का आरोप है कि पिंकी का शादी से पहले से ही किसी और के साथ संबंध था और उसने शादी के बाद भी उसे खत्म नहीं किया। अनुज को जब इसका पता चला, तो उसने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। एक दिन अनुज ने गुस्से में आकर पिंकी का फोन छीन लिया और देखा कि वह जिस व्यक्ति से बात कर रही थी, वह कोई और नहीं बल्कि उसके ही परिवार का सदस्य था- उसके ताऊ की बेटी का बेटा, यानी रिश्ते में भांजा। यह खुलासा होते ही घर में हंगामा मच गया।
जहर मिली कॉफी से पति की हालत नाजुक
परिवार के मुताबिक, जब पिंकी से इस बारे में सवाल किया गया, तो उसने इसे पुराना रिश्ता बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। लेकिन इसके कुछ ही दिनों बाद, 25 तारीख की शाम को उसने एक खतरनाक कदम उठा लिया। पिंकी ने अपने पति अनुज को कॉफी में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह ICU में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
परिवार ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
अनुज की बहन मीनाक्षी ने इस घटना को एक साजिश करार देते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह मेरठ की हालिया घटना से प्रेरित एक योजनाबद्ध अपराध हो सकता है। पुलिस ने पिंकी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या वैवाहिक रिश्ते केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं?
इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर रिश्तों में यह गिरावट क्यों आ रही है? क्या आधुनिकता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर शादी का पवित्र बंधन अब केवल औपचारिकता बनकर रह गया है? प्रेम, विश्वास और समर्पण से बने रिश्तों में धोखे और स्वार्थ का बढ़ता चलन हमें किस ओर ले जा रहा है? यह घटना सिर्फ एक मामला नहीं, बल्कि समाज के लिए एक चेतावनी है कि यदि रिश्तों में पारदर्शिता और नैतिकता नहीं रही, तो इसका अंजाम बेहद खतरनाक हो सकता है।

