भारत के दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन गौतम अडानी की कंपनी, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने एक और बड़ा ऑर्डर हासिल किया है। कंपनी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि उसे गुजरात में ₹2,800 करोड़ का पावर ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट मिला है। यह प्रोजेक्ट मुंद्रा में ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया उत्पादन के लिए जरूरी ग्रीन एनर्जी की आपूर्ति करेगा।

AESL की ऑर्डर बुक 57,561 करोड़ के पार

कंपनी ने बताया कि यह इस वित्तीय वर्ष में उसका छठा ऑर्डर है, जिससे उसका कुल ऑर्डर बुक ₹57,561 करोड़ तक पहुंच गया है। इस परियोजना के तहत नवीनल (मुंद्रा) इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा, जिसमें 765/400kV के दो बड़े ट्रांसफॉर्मर जोड़े जाएंगे। साथ ही, इस सबस्टेशन को भुज सबस्टेशन से जोड़ने के लिए 75 किलोमीटर लंबी 765kV डबल-सर्किट लाइन भी बनाई जाएगी।

ग्रीन एनर्जी ट्रांसमिशन को बढ़ावा

इस प्रोजेक्ट से AESL के कुल ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर में 150 सर्किट किलोमीटर (cKM) ट्रांसमिशन लाइन्स और 3,000 मेगावोल्ट-एम्पीयर (MVA) ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता जुड़ेगी। इससे कंपनी का कुल ट्रांसमिशन नेटवर्क 25,928 cKM और कुल ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता 87,186 MVA तक पहुंच जाएगी।

TBCB के तहत जीता प्रोजेक्ट

यह प्रोजेक्ट टैरिफ-आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (TBCB) मैकेनिज्म के तहत जीता गया है। PFC कंसल्टिंग लिमिटेड इस बोली प्रक्रिया का कोऑर्डिनेटर था। कंपनी को यह प्रोजेक्ट 20 मार्च, 2025 को आधिकारिक रूप से ट्रांसफर किया जाएगा।

शेयर बाजार पर असर

अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के इस बड़े ऑर्डर की घोषणा के बाद शेयर बाजार में कंपनी के स्टॉक्स में उछाल देखने को मिला। शुक्रवार को Adani Energy Solutions Ltd के शेयरों में 1.83% की तेजी आई। एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोमवार को भी शेयरों में हलचल देखी जा सकती है।

भारत में सबसे बड़ी प्राइवेट ट्रांसमिशन कंपनी

अडानी ग्रुप की AESL देश की सबसे बड़ी प्राइवेट ट्रांसमिशन कंपनी है, जो पावर ट्रांसमिशन, डिस्ट्रीब्यूशन, स्मार्ट मीटरिंग और कूलिंग सॉल्यूशंस में काम कर रही है। यह प्रोजेक्ट भारत में ग्रीन एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देगा और स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा।